शनिवार, 26 मार्च 2011

बंगाल समेत पांचों विधानसभा दागियों से लबरेज!

तमिलनाडु व केरल में हैं सबसे ज्यादा आपराधिक विधायक
ओ.पी. पाल
पश्चिमी बंगाल समेत देश के जिन पांच राज्यों में अगले महीने विधानसभा चुनाव होने हैं उन विधानसभाओं में दागियों की कमी नहीं है, और सभी पांचों राज्यों में आपराधिक छवि वाले विधायकों की संख्या 204 है, जिसमें केरल और तमिलनाडु में सर्वाधिक दागी विधायक शामिल हैं।
केंद्रीय चुनाव आयोग लगातार चुनावी प्रक्रिया को निष्पक्ष और स्ततंत्र बनाने की कवायद में लगातार राजनीतिक दलों के साथ माथापच्ची करता आ रहा है। इसी प्रयास में चुनाव आयोग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, असम और पश्चिम बंगाल में आगामी अप्रैल और मई माह में होने वाले चुनावों की तैयारी के लिए भी सभी राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ बैठक करके चुनावों में धनबल और अपराधीकरण से दूर रखने की अपील की है। हालांकि सभी राजनीतिक दल राजनीति को आपराधिकरण से दूर रखने की दुहाई देते हैं लेकिन उम्मीदवारों के चयन में सभी बड़े व छोटे दल आपराधिक छवि वाले व्यक्ति को अपना उम्मीदवार बनाने में कतई पीछे नहीं है। नेशनल इलेक्शन वॉच और एडीआर देश में होने वाले चुनावों में उम्मीदवारों को लेकर सर्वेक्षण करती आ रही है, जिसने चुनाव आयोग के साथ मिलकर निष्पक्ष, स्वस्थ्य और लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया के लिए अनेक अभियान भी चलाये हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म के राष्ट्रीय समन्वयक अनिल बैरवाल ने उक्त पांचों राज्यों के इलेक्शन वॉच समन्वयको से सर्वेक्षण के बाद मिली रिपोर्ट के बाद बताया कि पांचों राज्यों में कुल 824 विधायकों में से 813 विधायकों के वर्ष 2006 में हुए चुनाव के लिए उम्मीदवारों द्वारा दाखिल शपथपत्रों को अध्ययन किया गया है, जिसमें से 204 विधायक ऐसे हैं जिनकी छवि आपराधिक हैं। इसमें केरल में 140 में से 69, तमिलनाडु में 234 में से 77, पुडुचेरी में 30 में से छह, पश्चिम बंगाल में 294 में से 45 तथा असम में 126 में से सात विधायक दागियों की सूची में शामिल हैं। 204 दागियों में 83 विधायक ऐसे हैं जिनके खिलाफ संगीन मामले लंबित हैं। ऐसे संगीन मामलों में शामिल विधायकों में केरल में 18, तमिलनाडु में 25, पुडुचेरी में पांच, पश्चिम बंगाल में 30 तथा असम में पांच का आंकड़ा सामने आया है। जहां तक धनाढ्य विधायकों का सवाल है उसमें पुडुचेरी का प्रतिशत सबसे ज्यादा है, जिसमें 30 में से नौ विधायक करोड़पतियों की फेरहिस्त में शामिल हैं। तमिलनाडु में 57, असममें 16, केरल में आठ, तथा पश्चिम बंगाल में सात समेत पांचों राज्यों में कुल 97 विधायक करोड़पति हैं। वहीं पांचों राज्यों में कुल मिलाकर 79 महिला विधायकों का प्रतिशत 9.5 है, जिसमें केरल में सात, तमिलनाडु में 22, असम में 13 तथा पश्चिम बंगाल में 37 महिलाएं विधानसभा में प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: