शनिवार, 26 मार्च 2011

चौटाला ने दिखाई इनेलो की ताकत

ओ.पी. पाल
हरियाणा में इंडियन नैशनल लोकदल कांग्रेस की हुड्डा सरकार की जनविरोधी नीतियों और किसानों के हितों पर हो रहे कुठाराघात को उजागर करते हुए राज्य के जिला स्तर पर अभियान चलाने के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कांग्रेसनीत यूपीए सरकार के सामने भी अपनी पार्टी की ताकत का प्रदर्शन कर यह बताने का प्रयास किया है कि केंद्रीय मंत्री ही नहीं कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और मंत्री भी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।
संसद के समक्ष हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश चौटाला के नेतृत्व में हरियाणा के कोने-कोने से पहुंचे कार्यकर्ताओं और समर्थकों जिनमें महिलाएं भी पीछे नहीं थी सैकड़ो वाहनों के साथ केंद्र सरकार के समक्ष प्रदर्शन करने यहां पहुंची। इनेलो कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन से नई दिल्ली की यातायात व्यवस्था भी चरमराकर इनेलों ने केंद्र सरकार को यह बताने का प्रयास किया है कि केंद्रीय मंत्री ही नहीं राज्यों के मंत्री और मुख्यमंत्री भी भ्रष्टाचार के रास्ते पर हैं। गुरुवार को यहां बारिश के बावजूद जंतर-मंतर पर जिस प्रकार से चौतरफा इनेलो के झंडे नारेबाजी करते इनेलो कार्यकर्ता नजर आ रहे थे उससे ऐसा लग रहा था कि हरियाणा में सत्ता परिवर्तन का बिगुल की शुरूआत हो रही है। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश चौटाला ने ही नहीं, बल्कि हरियाणा से आये विधायकों और अन्य नेताओं ने हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा और उनकी कांग्रेस सरकार पर तीखे हमले बोले। राज्य में भूमि अधिग्रहण अधिनियम की प्रक्रिया का दुरुपयोग करके जिस प्रकार से किसानों को बर्बादी के कगार पर ले जाने का प्रयास किया जा रहा है और विकास के नाम पर हो रहे भ्रष्टाचार का भी वक्ताओं ने जिक्र किया। इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला ने तो हरियाणा में घोटालों और भ्रष्टाचार की फेहरिस्त का जिक्र करते हुए यहां तक कहा कि राज्य में जमीन बचने के मामले में जो घोटाले हुए हैं उनकी तुलना बहुचर्चित 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले से की जा सकती है। गुडगांव, फरीदाबाद, सोनीपत, मानेसर आदि शहरों में जिस प्रकार से औद्योगिक विकास और एसईजैड और अन्य केंद्र स्थापित करने के नाम पर जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है उसमें बड़े पैमाने पर घोटाले उजागर होने की जानकारी राष्टपति को भेजे गये ज्ञापन में भी दी गई है। राष्ट्रपति को नौ पृष्ठ के भारी भरकम ज्ञापन में इनेलों अध्यक्ष ओमप्रकाश चौटाला, सांसद रणबीर सिंह प्रजापत और हरियाणा के विधायकों नेहरियाणा की हुड्डा सरकार को घोटालों और भ्रष्टाचार के मुद्दों को पुख्ता करते हुए विस्तार से सरकारी योजनाओं के नाम पर हरियाणा के हितों से किये जा रहे खिलवाड़ का जिक्र किया गया है। इनेलों ने हालांकि सरकार को सबसे ज्यादा भूमि घोटाले के मुद्दे पर घेरने का प्रयास किया है। जबकि ओमप्रकाश चौटाला और इनेलो के प्रधानसचिव अजय सिंह चौटाला तथा सांसद रणबीर सिंह प्रजापत ने केंद्र की यूपीए सरकार के नीचे हो रहे घोटालों का भी जिक्र किया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह के साथ चौटाला ने विदेशों में जमा काले धन को लेकर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर भी निशाना साधते हुए इस काले धन को देश में वापस लाने की मांग करते हुए कहा कि काला धन जमा करने वालो की सूची सार्वजनिक करने में प्रधानमंत्री की चुप्पी भी संदेह के घेरे में है। इनेलो ने संसद के समक्ष प्रदर्शन करके हरियाणा में अपनी ताकत का भी अहसास करया है।

कोई टिप्पणी नहीं: